राजस्थान में आज आंधी-बारिश का अलर्ट, 5 अप्रैल से हीटवेव की चेतावनी

जयपुर। राजस्थान में आज पश्चिमी विक्षोभ के असर से मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। कल देर रात कोटा संभाग के बारां और झालावाड़ जिलों में आंधी के साथ हल्की बूंदाबांदी हुई।

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया की अनुसार आज जयपुर, कोटा और भरतपुर संभाग के जिलों में आंधी-बारिश का असर रहेगा। वहीं कई जगहों पर 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलने की संभावना है।

बता दें की अरब सागर में बने एक परिसंचरण तंत्र के कारण राजस्थान के दक्षिण-पूर्वी हिस्से में इसका प्रभाव देखने को मिल रहा है। शुक्रवार से यह सिस्टम कमजोर पड़ जाएगा, जिसके बाद 5 अप्रैल से फिर से तापमान में बढ़ोतरी होगी। पश्चिमी राजस्थान में हीटवेव शुरू होगी और तापमान 42-43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की सम्भावना है।

बीते 24 घंटो में राज्य के अधिकांश शहरों में तापमान औसत से 2 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया। इसके अलावा जयपुर, पिलानी, सीकर, चित्तौड़गढ़, बाड़मेर, जैसलमेर और बीकानेर में गर्मी का असर महसूस किया गया। राजधानी जयपुर में अधिकतम तापमान 36.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग ने आज झालावाड़, बारां, कोटा, बूंदी, टोंक, अजमेर, सवाई माधोपुर, जयपुर, दौसा, करौली, धौलपुर, भरतपुर, अलवर, सीकर और झुंझुनूं में आंधी-बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है।
इसके अलावा आगामी 5 अप्रैल को जैसलमेर और बाड़मेर ज़िले में हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं 6 अप्रैल को बीकानेर, जोधपुर, जैसलमेर और बाड़मेर में भीषण गर्मी पड़ने की संभावना है।

Back to top button