गोरखपुर। गोरखपुर की होनहार ताइक्वांडो खिलाड़ी सीमा कनौजिया ने अमेरिका में आयोजित वर्ल्ड पुलिस फायर गेम में स्वर्ण पदक जीतकर न केवल अपने शहर, बल्कि पूरे देश का नाम रोशन किया है। सीमा की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर जिलेभर में खुशी की लहर है।
जिला ताइक्वांडो एसोसिएशन के अध्यक्ष अमित कुमार सिंह ने सीमा को बधाई देते हुए कहा कि यह गोरखपुर के ताइक्वांडो खिलाड़ियों के लिए गर्व का क्षण है। वहीं, शहर के पंत पार्क में प्रशिक्षण ले रहे सभी खिलाड़ी सीमा की जीत से बेहद उत्साहित हैं।
सीमा पिछले 10 वर्षों से पंत पार्क में प्रशिक्षक लाल देव की देखरेख में ताइक्वांडो का अभ्यास कर रही थीं। कठिन परिश्रम, अनुशासन और जुनून के बल पर उन्होंने अंतरराष्ट्रीय मंच पर यह सफलता हासिल की है।
सीमा की इस उपलब्धि के आधार पर उन्हें उत्तर प्रदेश पुलिस में कांस्टेबल पद पर नियुक्ति मिली है। यह न केवल उनके लिए, बल्कि उनके पूरे परिवार के लिए गर्व का क्षण है।
सीमा के परिवार में उनकी मां, छह बहनें और एक भाई हैं। पिछले वर्ष उनके पिता का निधन हो गया था। सीमा बताती हैं कि उनके पिता हमेशा कहते थे,मेरी पहचान मेरी बेटी से है। जहां भी जाता हूं, लोग मुझे सीमा के पापा कहकर बुलाते हैं। आज उनकी वही बात सच हो गई है।
सीमा कनौजिया की यह सफलता उन तमाम बेटियों के लिए प्रेरणा है, जो सीमित संसाधनों में भी अपने सपनों को सच करने का साहस रखती हैं।

