Wednesday, February 18, 2026
More

     यूपी STF को मिली बड़ी सफलता, अंतर्राज्यीय अवैध शस्त्र तस्करी गिरोह के 3 सदस्य गिरफ्तार

    लखनऊ। उत्तर प्रदेश की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। STF ने अंतर्राज्यीय स्तर पर अवैध शस्त्रों की तस्करी करने वाले गिरोह के 3 सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए अभियुक्तों के पास से दो सेमी ऑटोमैटिक पिस्टल और तीन कारतूस बरामद हुए हैं।

    गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों की पहचान हर्षित राय उर्फ लक्की, सुधांशु राय उर्फ बिट्टू और सुधांशु राय के रूप में हुई है। हर्षित राय लखनऊ के इन्दिरा नगर थाना क्षेत्र का निवासी है, जबकि सुधांशु राय गाजीपुर और मऊ का निवासी है। STF ने इन तीनों को लखनऊ के इन्दिरा नगर स्थित अशोका अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर-09, गणेश विहार कॉलोनी तकरोही से गिरफ्तार किया।

    गिरफ्तार अभियुक्तों ने पूछताछ में खुलासा किया कि वे एक संगठित गिरोह के सदस्य हैं, जो अवैध शस्त्रों की तस्करी करता है। यह गिरोह बिहार और मध्यप्रदेश से पिस्टल खरीदता था, जहाँ पर इन हथियारों का अवैध निर्माण किया जाता है। वे प्रति पिस्टल ₹25,000 में इन्हें खरीदकर उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों और अन्य प्रदेशों में ₹40,000 से ₹50,000 के बीच बेचते थे। अभियुक्तों ने यह भी बताया कि उन्होंने पूर्व में कई बार अवैध पिस्टल सप्लाई की है।

    STF द्वारा अभियुक्तों के खिलाफ थाना इन्दिरानगर में सुसंगत धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर आवश्यक विधिक कार्यवाही की जा रही है। अवैध शस्त्रों की तस्करी पर कड़ी नज़र रखते हुए STF की कार्रवाई ने तस्करी के इस गिरोह को न केवल उजागर किया, बल्कि एक बड़ी सफलता भी हासिल की है।

    RELATED ARTICLES

    Most Popular