आईओएए में भारत ने जीते चार स्वर्ण और एक रजत पदक

मुंबई । भारत ने 18वें अंतरराष्ट्रीय खगोल विज्ञान एवं खगोल भौतिकी ओलंपियाड (आईओएए) में चार स्वर्ण पदक और एक रजत पदक अपने नाम किए हैं। बृहस्पतिवार को जारी एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि भारतीय दल को टाटा इंस्टीट्यूट आफ फंडामेंटल रिसर्च (टीआईएफआर) के राष्ट्रीय केंद्र, होमी भाभा विज्ञान शिक्षा केंद्र (एचबीसीएसई) के तत्वावधान में प्रशिक्षित किया गया था। यह ओलंपियाड पहली बार भारत में आयोजित किया गया था और इसमें 64 देशों के हाई स्कूलों के लगभग 300 छात्रों ने भाग लिया था।

64 में से 12 देशों ने पहली बार प्रतिस्पर्धा में भाग लिया। होमी भाभा राष्ट्रीय संस्थान के कुलाधिपति डॉ. अनिल काकोडकर ने इस अवसर पर कहा, ैछात्रों को जिज्ञासा और प्रतिबद्धता के साथ विज्ञान के क्षेत्र में आगे बढ़ते रहना चाहिए। वर्ष 2007 में स्थापित अंतरराष्ट्रीय खगोल विज्ञान और खगोल भौतिकी ओलंपियाड इस विषय में रुचि रखने वाले हाई स्कूल के छात्रों के लिए प्रमुख वैश्विक मंचों में से एक है।

Back to top button