नई दिल्ली । भारतीय क्रिकेट के सितारों से सजी एक भव्य शाम में रविवार को टेस्ट कप्तान शुभमन गिल और स्टार ओपनर स्मृति मंधाना को वर्ष 2024-25 के लिए बीसीसीआई के प्रतिष्ठित ‘नमन पुरस्कार’ से नवाजा गया। गिल ने पुरुष वर्ग में सर्वश्रेष्ठ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर का ‘पॉली उमरीगर पुरस्कार’ अपने नाम किया, जबकि मंधाना ने महिला वर्ग में पांचवीं बार यह गौरव हासिल किया।
गिल का इंग्लैंड दौरे पर रहा ऐतिहासिक प्रदर्शन शुभमन गिल के लिए वर्ष 2025 मील का पत्थर साबित हुआ। उन्होंने इंग्लैंड दौरे पर पांच टेस्ट मैचों की सीरीज में कप्तानी करते हुए 75.40 के शानदार औसत से 754 रन बनाए, जिसमें चार शतक शामिल रहे। साथ ही, चैंपियंस ट्रॉफी की खिताबी जीत में भी उन्होंने अहम भूमिका निभाई। यह गिल का दूसरा ‘क्रिकेटर ऑफ द ईयर’ अवार्ड है, इससे पहले उन्होंने 2023 में भी यह उपलब्धि हासिल की थी।

मंधाना ने रचा इतिहास, कोहली का रिकॉर्ड तोड़ा महिला क्रिकेट में स्मृति मंधाना ने रिकॉर्ड्स की झड़ी लगा दी। उन्होंने साल 2025 में कुल 1,703 अंतरराष्ट्रीय रन बनाए। वनडे क्रिकेट के एक कैलेंडर वर्ष में 1,000 रन का आंकड़ा पार करने वाली वह पहली महिला क्रिकेटर बनीं। इतना ही नहीं, उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मात्र 50 गेंदों में शतक जड़कर विराट कोहली (52 गेंद) का सबसे तेज भारतीय वनडे शतक का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया। उनके नेतृत्व और बल्लेबाजी के दम पर भारत ने अपना पहला महिला विश्व कप खिताब जीता।
दिग्गजों को लाइफटाइम अचीवमेंट सम्मान समारोह का मुख्य आकर्षण ‘कर्नल सीके नायडू लाइफटाइम अचीवमेंट’ पुरस्कार रहा। पूर्व दिग्गज रोजर बिन्नी, राहुल द्रविड़ और मिताली राज को भारतीय क्रिकेट में उनके अतुलनीय योगदान के लिए इस सर्वोच्च सम्मान से विभूषित किया गया।
घरेलू क्रिकेट के चमकते सितारे:
-
शेफाली वर्मा: सर्वश्रेष्ठ महिला सीनियर वनडे क्रिकेटर।
-
हर्ष दुबे: रणजी ट्रॉफी के सर्वश्रेष्ठ ऑलराउंडर।
-
आयुष म्हात्रे: घरेलू सीमित ओवर प्रतियोगिताओं के सर्वश्रेष्ठ ऑलराउंडर।
-
ईरा जाधव: सर्वश्रेष्ठ महिला क्रिकेटर (घरेलू)।



