आज के डिजिटल दौर में, जहाँ बॉट्स, ऐप्स, तुरंत भुगतान और 24 घंटे सेवाओं की उम्मीद आम हो गई है, बैंकिंग में ग्राहक का अनुभव सिर्फ तकनीक से नहीं बनता। मजबूत डिजिटल व्यवस्था अपनी जगह अहम् है, लेकिन रोज़मर्रा की इंसानी बातचीत भी उतनी ही मायने रखती है। सुश्री चंद्रलेखा चौधरी, हेड- ह्यूमन रिसोर्सेस, उज्जीवन स्मॉल फाइनेंस बैंक ने कहा तकनीक से रफ्तार, सुविधा और बड़े स्तर पर सेवाएँ मिलती हैं, लेकिन असली फर्क तब दिखता है, जब शाखा, फील्ड या सर्विस डेस्क पर मौजूद फ्रंटलाइन कर्मचारी ग्राहक से सीधे जुड़ते हैं। ऐसे में, वही बैंक को वास्तव में जीवंत बनाते हैं। उनका व्यवहार, स्पष्ट बातचीत और काम के प्रति लगन ही तय करती है कि ग्राहक बैंक को कितना भरोसेमंद, जिम्मेदार और ग्राहकों पर ध्यान देने वाला मानता है।
समय के साथ ग्राहकों की उम्मीदों में भी बड़ा बदलाव आया है। आज के ग्राहक पहले से ज्यादा जागरूक हैं, डिजिटल माध्यमों को समझते हैं और फैसले लेने से पहले कई पहलुओं पर ध्यान देते हैं। उज्जीवन स्मॉल फाइनेंस बैंक में ‘ग्राहक सबसे पहले’ की संस्कृति संगठन की कार्यप्रणाली का अहम् हिस्सा है । इसे मजबूत बनाने के लिए हर कर्मचारी के लक्ष्य में सेवा की गुणवत्ता से जुड़े मानक भी शामिल किए गए हैं। साथ ही, जॉइनिंग के शुरुआती प्रशिक्षण से लेकर हर साल होने वाले रिफ्रेशर कार्यक्रमों तक, फ्रंटलाइन कर्मचारियों के लिए सेवा गुणवत्ता से जुड़े प्रशिक्षण नियमित रूप से कराए जाते हैं।
कर्मचारियों को अलग-अलग कार्यक्रमों, मंचों और निगरानी के स्तरों के माध्यम से जोड़े रखना भी उतना ही जरूरी है। फ्रंटलाइन की भूमिका अक्सर चुनौतीपूर्ण होती है। इसमें कम समय में काम पूरा करने का दबाव, प्रदर्शन की अपेक्षाएँ और ऐसे ग्राहकों से सीधा संवाद शामिल होता है, जो कई बार आर्थिक तनाव से गुजर रहे होते हैं। ऐसे में जो कर्मचारी अपने काम से जुड़े रहते हैं, वे जिम्मेदारी और जवाबदेही के साथ काम करते हैं और बेहतर परिणाम भी देते हैं।
हाल के आंतरिक संकेतक बताते हैं कि कर्मचारियों के विकास और जुड़ाव में लगातार किए गए निवेश का सकारात्मक असर दिखाई दे रहा है। उज्जीवन स्मॉल फाइनेंस बैंक ने इस क्षेत्र में मजबूत प्रतिभा बनाए रखने के मानक कायम रखे हैं। वित्त वर्ष 25 में नए कर्मचारियों के शुरुआती स्तर पर नौकरी छोड़ने की दर 5 प्रतिशत से कम रही, जबकि वित्तीय वर्ष 26 में अब तक यह 3 प्रतिशत से भी कम रही है, जो प्रभावी प्रशिक्षण और शुरुआती सहयोग व्यवस्था को दर्शाती है।
वहीं, कुल कर्मचारी छोड़ने की दर भी वित्त वर्ष 25 में 20 प्रतिशत से कम और वित्त वर्ष 26 में अब तक 19 प्रतिशत से नीचे बनी हुई है, जिससे बैंक उद्योग में बेहतर प्रदर्शन करने वाले संस्थानों में शामिल है।लगातार सीखने की संस्कृति पर भी विशेष ध्यान दिया गया है। वित्त वर्ष 25 और 26 में कर्मचारियों ने औसतन प्रति कर्मचारी 41 घंटे का प्रशिक्षण प्राप्त किया, जो इस क्षेत्र में सबसे अधिक में से एक है और यह कर्मचारियों की क्षमता को मजबूत बनाने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। इन प्रयासों को कर्मचारियों के मजबूत जुड़ाव का भी समर्थन मिला है। वित्त वर्ष 25 में आंतरिक कर्मचारी जुड़ाव स्कोर 5 में से 4.3 रहा, जो यह दर्शाता है कि कर्मचारी प्रेरित हैं और ग्राहकों को बेहतर सेवा देने के लिए पूरी लगन से काम कर रहे हैं।
किसी भी संस्था में फ्रंटलाइन स्तर के नेतृत्व की भूमिका बेहद अहम् होती है। नेतृत्व का विकास फ्रंटलाइन की कार्यक्षमता को और मजबूत बनाता है। शाखा प्रबंधक और टीम लीडर कार्यस्थल की संस्कृति पर गहरा प्रभाव डालते हैं।
डिजिटल बदलाव ने फ्रंटलाइन कर्मचारियों की जिम्मेदारियों में एक और नया पहलू जोड़ दिया है। ऑटोमेशन और डिजिटल प्लेटफॉर्म ने लेन-देन को जरूर आसान और तेज़ बनाया है, लेकिन इसके साथ यह भी जरूरी हो गया है कि कर्मचारी तकनीक के साथ सहज हों।
मानव संसाधन के नजरिए से देखें, तो मजबूत फ्रंटलाइन टीम बनाने की शुरुआत सही लोगों के चयन से होती है। ऐसे लोगों का चयन किसी भी संस्था के लिए मजबूत आधार तैयार करता है, जिनमें ईमानदारी, परिस्थितियों के अनुसार खुद को ढालने की क्षमता और सेवा की भावना होती है। अंततः, बेहतरीन ग्राहक सेवा किसी भी संस्था की कार्य संस्कृति को ही दर्शाती है। जब फ्रंटलाइन कर्मचारियों को सही प्रशिक्षण मिलता है, उन्हें लगातार सहयोग मिलता है और नेतृत्व समझदारी और संवेदनशीलता के साथ किया जाता है, तो वे ग्राहकों के साथ बेहतर रिश्ते और मजबूत भरोसा बना पाते हैं। भरोसे और सबको साथ लेकर चलने वाले बैंकिंग क्षेत्र में फ्रंटलाइन कर्मचारियों की क्षमता को मजबूत बनाना सिर्फ लोगों से जुड़ी रणनीति नहीं, बल्कि जिम्मेदार और सतत विकास की प्रतिबद्धता भी है।



