लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी के लखनऊ महानगर कार्यालय में रविवार को नगर निगम के नव-नामित पार्षदों का भव्य स्वागत एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। केसरबाग स्थित पार्टी कार्यालय में आयोजित इस कार्यक्रम में महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी ने सभी दस नामित पार्षदों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की।
कार्यक्रम के दौरान आनंद द्विवेदी ने रूपचंद अग्रवाल, संतोष सिंह बलखंडी, गणेश वर्मा, पुरुषोत्तम पुरी, मधुबाला त्रिपाठी, दीपू जायसवाल, अखिलेश गिरी, पंकज बोस, किशन पाल और नेहा सिंह को मिठाई खिलाकर स्वागत किया तथा अंगवस्त्र पहनाकर सम्मानित किया। इस अवसर पर पार्टी कार्यालय में उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला और कार्यकर्ताओं ने तालियों के साथ नव-नामित पार्षदों का अभिनंदन किया।
अपने संबोधन में आनंद द्विवेदी ने कहा कि नगर निकाय में भारतीय जनता पार्टी की मजबूती लगातार बढ़ रही है और इन नामित पार्षदों के जुड़ने से संगठन को और अधिक बल मिलेगा। उन्होंने कहा कि पार्टी ने हमेशा अपने समर्पित और कर्मठ कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ाने का कार्य किया है, और इसी परंपरा के तहत इन पार्षदों को उनकी निष्ठा और सक्रिय योगदान के आधार पर जिम्मेदारी सौंपी गई है।
उन्होंने आगे कहा कि नगर निगम में पार्षदों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है, क्योंकि वे सीधे जनता से जुड़े होते हैं। ऐसे में सभी पार्षदों को चाहिए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में विकास कार्यों को प्राथमिकता दें, स्वच्छता, सड़क, जल निकासी और अन्य मूलभूत सुविधाओं के सुधार पर विशेष ध्यान दें। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी पार्षद राष्ट्र सेवा के संकल्प के साथ जनहित में कार्य करते हुए अपने क्षेत्रों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे।
इस दौरान नव-नामित पार्षदों ने भी पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त किया और भरोसा दिलाया कि वे संगठन की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान उनकी प्राथमिकता होगी और वे हर समय लोगों के बीच रहकर उनकी सेवा करेंगे।





