लखनऊ । प्रदेश सरकार द्वारा संचालित ‘मिशन शक्ति’ अभियान के अंतर्गत जनपद, ब्लॉक एवं तहसील स्तर पर व्यापक स्तर पर कार्यक्रम आयोजित करते हुए 29,193 बालिकाओं से महिला अधिकारियों एवं प्रेरक महिलाओं द्वारा संवाद स्थापित किया गया। इस दौरान बालिकाओं को जीवन कौशल, आत्मरक्षा, शिक्षा एवं करियर संबंधी मार्गदर्शन प्रदान किया गया, जिससे उनमें आत्मविश्वास एवं जागरूकता का संचार हुआ।
प्रदेश के बेसिक शिक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह ने कहा कि योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार बालिकाओं को सशक्त, सुरक्षित एवं आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने बताया कि ‘मिशन शक्ति’ के तहत संवाद और आत्मरक्षा प्रशिक्षण जैसे कार्यक्रम बालिकाओं के आत्मविश्वास को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने निर्देश दिए कि इस अभियान को और अधिक प्रभावी बनाते हुए प्रत्येक बालिका तक इसकी पहुंच सुनिश्चित की जाए।
अभियान के तहत प्रदेश के 6,587 विद्यालयों में आत्मरक्षा प्रशिक्षण सत्रों का आयोजन किया गया, जिसमें बालिकाओं को अपनी सुरक्षा के लिए आवश्यक तकनीकों का प्रशिक्षण दिया गया। इसके अतिरिक्त 6,256 विद्यालयों में ‘सेल्फ डिफेंस क्लब’ का गठन किया गया है, जिससे बालिकाओं को नियमित अभ्यास एवं प्रशिक्षण की सुविधा उपलब्ध हो रही है।
महानिदेशक, स्कूल शिक्षा मोनिका रानी ने बताया कि आत्मरक्षा प्रशिक्षण से बालिकाओं में आत्मबल, जागरूकता एवं निर्णय क्षमता का विकास हो रहा है। ‘सेल्फ डिफेंस क्लब’ के माध्यम से इस प्रक्रिया को निरंतर और व्यवस्थित रूप से आगे बढ़ाया जा रहा है।
प्रदेश सरकार का लक्ष्य है कि बालिकाओं को न केवल शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ाया जाए, बल्कि उन्हें सामाजिक, मानसिक एवं शारीरिक रूप से सशक्त बनाकर सुरक्षित और आत्मनिर्भर नागरिक के रूप में विकसित किया जाए।





