- देशभर की खिलाड़ी और कोच गोरखपुर में जुटे, 27 मार्च से औपचारिक शुरुआत
गोरखपुर। उत्तर प्रदेश के खेल परिदृश्य में एक ऐतिहासिक उपलब्धि जुड़ने जा रही है। भारतीय रोइंग के इतिहास में पहली बार उत्तर प्रदेश को रोइंग (नौकायन) के राष्ट्रीय प्रशिक्षिण शिविर की मेजबानी मिली है।भारतीय महिला रोइंग टीम का राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर 27 मार्च से गोरखपुर के रामगढ़ताल स्थित वाटर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में शुरू होगा।इस शिविर में देश भर की चुनिंदा महिला रोअर्स हिस्सा ले रही हैं। इनमें वे खिलाड़ी शामिल हैं जिन्होंने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का मान बढ़ाया है।
जापान में होने वाले 20वें एशियाई खेल (आइची-नागोया 2026) की तैयारियों के लिए रोइंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के अनुरोध पर भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) द्वारा संचालित यह प्रशिक्षण शिविर विशेष रूप से आयोजित किया जा रहा है। इस शिविर के आयोजन के लिए उत्तर प्रदेश खेल विभाग हर संभव सहयोग प्रदान कर रहा है।रोइंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के उपाध्यक्ष सुधीर शर्मा (सचिव, यूपी रोइंग एसोसिएशन) ने इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि शिविर के लिए चयनित खिलाड़ियों व प्रशिक्षकों का आगमन गोरखपुर में हो चुका है।
शिविर की औपचारिक शुरुआत 27 मार्च को दोपहर तीन बजे किया जाएगा। समारोह के मुख्य अतिथि गोरखपुर विकास प्राधिकरण के सचिव श्री पुष्पराज सिंह होंगे। इस अवसर पर रोइंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के महासचिव श्री सुभाशीष मुखर्जी भी मौजूद रहेंगे।
उन्होंने बताया कि यह पहला अवसर है जब रोइंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (आरएफआई) ने उत्तर प्रदेश को राष्ट्रीय टीम के प्रशिक्षण शिविर की मेजबानी के लिए चुना है।
रामगढ़ को इसके शांत जल स्तर और अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप तैयार किया गया है, जो खिलाड़ियों की तकनीक निखारने में सहायक होगा।इस शिविर के माध्यम से उत्तर प्रदेश अब ‘वॉटर स्पोर्ट्स’ के हब के रूप में उभरेगा। जापान में 20वें एशियाई खेल (नागोया 2026) का आयोजन 19 सितंबर 2026 से चार अक्टूबर 2026 तक आयोजित होंगे। इसके अंतर्गत रोइंग की स्पर्धाएं कोर्स सुमियामा, फुकुये, कैज़ु सिटी, गिफु प्रान्त में स्थित नागरागावा इंटरनेशनल रेगुटा कोर्स में 20 सितंबर से 25 सितंबर 2026 तक होगी।
राष्ट्रीय शिविर के लिए चयनित खिलाड़ी व ऑफिशियल
- किरण (हरियाणा)
- मृणमयी सालगांवकर (महाराष्ट्र)
- रुक्मणी, विंध्या शंकर (मध्य प्रदेश)
- बी. आनंदी, किरण देवी (आल इंडिया पुलिस कंट्रोल बोर्ड/ मेघालय)
- अश्वनी कुमारन, सानिया कृष्णन, अन्ना हेलन, हिमा टी, एंजेल मैरी (केरल)
- मोनिका बदोरिया, अंशिका भारती (ओडिशा)
- कोच : राजेश कुमार (सर्विस स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड), ममता जेना (आल इंडिया पुलिस कंट्रोल बोर्ड)





