11 हजार लाइन की चपेट में आकर मजदूर की मौत, ठेकेदार पर लापरवाही का आरोप

मृतक के परिजनों ने मकान मालिक और ठेकेदार पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है।

लखनऊ।सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र में निर्माण कार्य के दौरान बड़ा हादसा सामने आया है। 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से एक मजदूर की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मृतक के परिजनों ने मकान मालिक और ठेकेदार पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है।

मिली जानकारी के अनुसार, गोसाईगंज के सदरपुर करोरा पूर्व निवासी अम्बरदीन (50) को ठेकेदार मनीराम द्वारा निर्माण कार्य के लिए खुर्दही माढ़रमऊ स्थित एक निर्माणाधीन मकान पर बुलाया गया था। बताया जा रहा है कि मकान मालिक सम्राट भट्ट के इस निर्माणाधीन भवन की छत के पास से 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन गुजर रही थी।

परिजनों का आरोप है कि मजदूरों को बिना किसी सुरक्षा उपकरण के हाईटेंशन लाइन के बेहद करीब काम कराया जा रहा था। इसी दौरान काम करते समय अम्बरदीन अचानक करंट की चपेट में आ गए और बुरी तरह झुलस गए। मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
आरोप है कि घटना के बाद मकान मालिक और ठेकेदार ने मामले को छिपाने का प्रयास किया और परिजनों को देर से सूचना दी। बाद में मजदूरों से जानकारी मिलने पर परिवार मौके पर पहुंचा, जहां उन्हें बताया गया कि अम्बरदीन को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोसाईगंज ले जाया गया है। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मृतक अम्बरदीन मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। उनके परिवार में पत्नी के अलावा दो बेटे चंदा, विकास और एक पुत्री लक्ष्मी हैं। घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

परिजनों ने ठेकेदार और मकान मालिक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कहा है कि यह हादसा उनकी घोर लापरवाही और दबाव में काम कराने के कारण हुआ है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Back to top button