रिपोर्ट – सिद्धार्थ जैन
जयपुर। विद्यार्थियों को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में राजस्थान विश्वविद्यालय और जयपुर डेयरी के मध्य महत्वपूर्ण एमओयू सम्पन्न हुआ। समझौते के तहत विश्वविद्यालय परिसर में शीघ्र ही आधुनिक “सरस पार्लर” शुरू किया जाएगा, जहां विद्यार्थियों, शोधार्थियों, छात्रावास के छात्रों, विश्वविद्यालय स्टाफ एवं आगंतुकों को उच्च गुणवत्ता वाले शुद्ध एवं पौष्टिक डेयरी उत्पाद उपलब्ध कराए जाएंगे।
कुलगुरु प्रो. अल्पना कटेजा ने बताया कि विश्वविद्यालय सदैव विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध रहा है। उन्होंने कहा कि जेएलएन मार्ग स्थित सरस पार्लर की तर्ज पर विश्वविद्यालय परिसर में भी स्वच्छ, हाइजीनिक एवं गुणवत्तायुक्त उत्पाद उपलब्ध कराए जाएंगे, जिससे विद्यार्थियों को बड़ी सुविधा मिलेगी।
उन्होंने कहा कि सरस पार्लर विद्यार्थियों के लिए पौष्टिक खाद्य उत्पादों का विश्वसनीय केंद्र साबित होगा। विश्वविद्यालय प्रशासन समय-समय पर व्यवस्थाओं का निरीक्षण भी करेगा, ताकि विद्यार्थियों एवं कर्मचारियों को उचित दरों पर गुणवत्तापूर्ण सेवाएं मिलती रहें। पार्लर का संचालन प्रतिदिन सुबह 8 बजे से शाम 6 बजे तक किया जाएगा।
पार्लर में छाछ, लस्सी, दही, पनीर, श्रीखंड, फ्लेवर्ड मिल्क, कोल्ड कॉफी और आइसक्रीम सहित सरस के विभिन्न लोकप्रिय उत्पाद उपलब्ध होंगे। इसके अलावा केसर जलेबी, कुल्हड़ मिल्क, पनीर पकौड़ा, समोसा, सॉफ्टी, मिल्क शेक, पनीर स्टफ्ड पराठा, पनीर टिक्का, दक्षिण भारतीय व्यंजन, छोले-भटूरे और मिनी मील जैसी खाद्य सामग्री भी उचित दरों पर उपलब्ध कराई जाएगी।
विश्वविद्यालय प्रशासन का मानना है कि शिक्षण संस्थानों में सरस पार्लरों की स्थापना से युवाओं में पौष्टिक आहार के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और आमजन तक शुद्ध एवं गुणवत्तायुक्त डेयरी उत्पाद पहुंचाने के राज्य सरकार के उद्देश्य को भी मजबूती मिलेगी।
जयपुर डेयरी प्रांगण में आयोजित कार्यक्रम में कुलगुरु प्रो. अल्पना कटेजा, रजिस्ट्रार आशु चौधरी, वित्त अधिकारी मंजू चौधरी, राजस्थान कोऑपरेटिव डेयरी फेडरेशन की प्रबंध संचालक श्रुति भारद्वाज तथा जयपुर डेयरी के प्रबंध संचालक मनीष फौजदार मौजूद रहे। एमओयू पर विश्वविद्यालय की ओर से रजिस्ट्रार आशु चौधरी तथा जयपुर डेयरी की ओर से प्रबंध संचालक मनीष फौजदार ने हस्ताक्षर किए।





