होली के अवसर पर परिवहन निगम ने 32.98 करोड़ रूपये अर्जित किया

परिवहन मंत्री ने निगम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई दी

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के परिवहन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह ने होली के अवसर पर 03 मार्च से 13 मार्च, 2023 की प्रातः काल तक सभी दिवसों में आज उत्कृष्ट दैनिक आय रु0 32.98 करोड़ अर्जित करने पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई दी है।
उन्होंने बताया कि गाजियाबाद, सहारनपुर एवं लखनऊ सर्वाधिक आय अर्जित करने वाले क्षेत्र रहे। इन क्षेत्रों द्वारा सम्मिलित रुप से 10 करोड़ रूपये से अधिक की आय अर्जित की गयी।
श्री दयाशंकर सिंह ने बताया कि सभी क्षेत्रों द्वारा दि0 12 मार्च एवं 13 मार्च की सुबह 8.00 बजे तक 25.51 लाख यात्रियों को परिवहन सुविधा उपलब्ध करायी गयी। गाजियाबाद, आगरा, अलीगढ़, बरेली, गोरखपुर, हरदोई, कानपुर, लखनऊ,मेरठ, मुरादाबाद, नोएडा एवं सहारनपुर द्वारा विशेष रूप से उत्कृष्ट आय अर्जित की गई। उन्होंने साथ ही निर्देश दिये कि इस तरह के कार्य सामान्य दिवसों में भी किया जाय। शत-प्रतिशत बसों को ऑनरोड किया जाय।
श्री सिंह ने बताया कि नई बसों को बस बेड़े में जोड़ा जा रहा है, जिससे कि यात्रियों को सुगम एवम सुविधाजनक यात्रा प्रदान की जा सके। उन्होंने बताया कि हाल ही में परिवहन निगम को  मुख्यमंत्री  द्वारा 115 नई बसें मुहैया कराई गई हैं। राजधानी लखनऊ को राजधानी एक्सप्रेस बस सेवा से सभी जनपदों से जोड़ा जा चुका है। साथ ही 39 साधारण बसें आवश्यकतानुसार विभिन्न डिपोज में लगाई गई है।

Leave a Reply

Back to top button