बालक वर्ग ने राजस्थान ने उत्तर प्रदेश को 27-22 से हराया जबकि बालिका वर्ग ने आर्यावर्त हैंडबॉल अकादमी ने अतिरिक्त समय में उत्तर प्रदेश को 23-21 से हराया
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की बालक व बालिका टीम ने 38वीं राष्ट्रीय सब जूनियर बालक व बालिका हैंडबॉल चैंपियनशिप में उम्दा प्रदर्शन के साथ रजत पदक जीत लिए। राजस्थान के चित्तौड़गढ़ में संपन्न चैंपियनशिप में रविवार को फाइनल में उत्तर प्रदेश की दोनों टीमों को कड़े मुकाबले के बाद हार के चलते उपविजेता ट्रॉफी मिली।
उत्तर प्रदेश हैंडबॉल संघ के महासचिव डा.आनन्देश्वर पाण्डेय ने बताया कि बालक वर्ग के फाइनल में राजस्थान ने उत्तर प्रदेश को 27-22 गोल से हराया। बालिका वर्ग के फाइनल में हिमाचल प्रदेश की आर्यावर्त हैंडबॉल अकादमी ने अतिरिक्त समय तक चले रोमांचक मुकाबले में उत्तर प्रदेश को 23-21 से मात दी।
38वीं राष्ट्रीय सब जूनियर बालक व बालिका हैंडबॉल चैंपियनशिप
रविवार को बालिका फाइनल में उत्तर प्रदेश ने आर्यावर्त हैंडबॉल अकादमी के खिलाफ कड़ी चुनौती पेश करते हुए पहले हॉफ में 9-6 की बढ़त बनाई। इसके बाद आर्यावर्त की लड़कियों ने रणनीति बदली लेकिन यूपी के उम्दा डिफेंस के चलते निर्धारित समय में दोनों टीमें 17-17 से बराबरी पर रही। फिर एक्सट्रा टाइम के मध्यांतर में यूपी 19-20 से पिछड़ गयी। मध्यांतर के बाद आर्यावर्त हैंडबॉल अकादमी ने तीन गोल दागे। वहीं यूपी दो गोल ही कर सकी। इसके चलते आर्यावर्त अकादमी ने 23-21 से खिताब जीत लिया।
आर्यावर्त अकादमी से मुस्कान ने सबसे ज्यादा 9 गोल दागे। इशिता को 5, कनिष्का को 4, शिवानी को 3 व वंशिका को 2 गोल करने में सफलता मिली। उत्तर प्रदेश से अनन्या यादव व वैष्णवी दीक्षित ने 5-5 गोल दागे। प्रीति यादव ने 4, वैष्णवी सिंह ने 3 जबकि प्रीति पटेल व काजल पटेल ने 2-2 गोल किए।