मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री को धमकियां मिलने के बाद जेलों की सुरक्षा को लेकर बदलाव

जयपुर। मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री को राजस्थान की सेंट्रल जेल से धमकियां मिलने के बाद पुलिस महानिदेशक जेल के निर्देश पर सभी जेलों की सुरक्षा को लेकर बड़ा बदलाव किया गया है। इसके तहत अब जेल की सुरक्षा और चेकिंग के लिए तैनात आरएसी टीम को जेल से बाहर कर दिया है। अब यह टीम केवल जेल के मुख्य द्वार पर ही तैनात रहेगी।

बता दें की है कि हाल ही में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को बीकानेर सेंट्रल जेल और उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा को जयपुर सेंट्रल जेल से धमकियां मिली थी। इस सम्बन्ध में डीजी जेल गोविंद गुप्ता की ओर से मामले की जांच की गई तो सामने आया कि आरएसी की टीम जेल प्रहरियों के साथ मिलकर कैदियों की भी जांच करती है। ऐसे में कैदी, जेल प्रहरी और आरएसी टीम में तैनात जवान मिलकर अंदर तक सामान पहुंचा रहे है।

पुलिस महानिदेशक जेल गोविंद गुप्ता ने बताया कि जो नियमों में है हम वह कर रहे है। जो नियमों में नहीं है और वह जेल में हो रहा है तो उसे सुधारने की जिम्मेदारी हमारी है। उन्होंने बताया कि जेल में वर्षों से जेल प्रहरी और आरएसी की टीम ही जेल में जाने वाले सामान और कैदी की जांच किया करते थे। लेकिन अब केवल जेल विभाग के प्रहरी ही जेल में जांच का काम करेंगे।

Back to top button