चेन्नै। इण्डियन ओवरसीज़ बैंक (आईओबी) ने देश की उभरती खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की अपनी प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाते हुए भारत के होनहार अंडर-14 टेनिस खिलाड़ी पुनीत एम को आधिकारिक स्पॉन्सरशिप देने की घोषणा की है। यह पहल बैंक की उस दीर्घकालिक सोच को दर्शाती है, जिसके तहत वह युवा खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता दिलाने के लिए हरसंभव सहयोग प्रदान करता है।
महज 13 वर्ष की आयु में पुनीत एम ने राष्ट्रीय टेनिस सर्किट में अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन, कौशल, अनुशासन और खेल भावना से सभी का ध्यान आकर्षित किया है। वह वर्तमान में ऑल इंडिया टेनिस एसोसिएशन (एआईटीए) की अंडर-14 श्रेणी में ऑल इंडिया नंबर-1 रैंक पर काबिज हैं। हाल ही में उन्होंने आईटीएफ एशिया चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन किया, जिसके आधार पर उन्होंने प्रतिष्ठित विंबलडन अंडर-14 टूर्नामेंट के लिए क्वालीफाई कर देश का नाम रोशन किया है।
आईओबी और पुनीत के बीच यह साझेदारी उनके करियर के एक अहम पड़ाव पर आई है। इस स्पॉन्सरशिप के तहत बैंक उनकी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए विदेश यात्राओं, दैनिक प्रशिक्षण और कोचिंग फीस जैसे प्रमुख खर्चों को वहन करेगा। इससे पुनीत को आर्थिक चिंताओं से मुक्त होकर पूरी तरह अपने खेल और प्रदर्शन पर ध्यान केंद्रित करने का अवसर मिलेगा। साथ ही, उन्हें अनुभवी कोचों के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण लेने और वैश्विक मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करने का बेहतर मौका मिलेगा।
इस अवसर पर आईओबी के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी अजय कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि बैंक का मानना है कि खेल न केवल व्यक्तित्व निर्माण का माध्यम है, बल्कि देश के गौरव को बढ़ाने का सशक्त जरिया भी है। उन्होंने कहा कि पुनीत का समर्पण और अनुशासन उन मूल्यों को दर्शाता है, जिन्हें संस्थान महत्व देता है। खासकर अंडर-14 स्तर पर, जब वह विंबलडन के ग्रास कोर्ट के लिए तैयारी कर रहे हैं, ऐसे समय में उनका समर्थन करना बेहद महत्वपूर्ण है, ताकि आर्थिक बाधाएं उनके रास्ते में न आएं और भारत को एक नया टेनिस सितारा मिल सके।
वहीं, इस घोषणा पर प्रतिक्रिया देते हुए पुनीत एम ने खुशी जताई और आईओबी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि टेनिस एक चुनौतीपूर्ण और महंगा खेल है, जिसमें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेलने के लिए लगातार यात्राएं करनी पड़ती हैं। ऐसे में यह स्पॉन्सरशिप उन्हें अपनी ट्रेनिंग और प्रतियोगिताओं पर पूरी तरह ध्यान केंद्रित करने में मदद करेगी। पुनीत ने कहा कि उनका लक्ष्य वैश्विक मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए देश का नाम गर्व से ऊंचा करना है।





