लखनऊ।उत्तर प्रदेश की राजधानी में खेले गए ‘टाटा कैपिटल यूपी प्रो हैंडबॉल लीग’ के पहले सीजन का समापन एक ऐतिहासिक और रोमांचक मुकाबले के साथ हुआ। केडी सिंह बाबू स्टेडियम के भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी बहुउद्देश्यीय हॉल में खेले गए हाई-वोल्टेज फाइनल में मथुरा ब्रज स्टार ने गोरखपुर राउडीज़ को 44-38 के अंतर से पराजित कर विजेता ट्रॉफी अपने नाम करने का गौरव हासिल किया।
उत्तर प्रदेश हैंडबॉल एसोसिएशन के तत्वावधान में एसएन पाण्डेय खेल संस्थान ट्रस्ट द्वारा टाटा कैपिटल के सहयोग से आयोजित इस लीग का फाइनल मुकाबला कांटे की टक्कर का रहा। मैच की शुरुआत से ही दोनों टीमों के बीच जबरदस्त प्रतिद्वंद्विता देखने को मिली और पहले हॉफ तक स्कोर 21-21 की बराबरी पर रहा। हालांकि, दूसरे हॉफ में मथुरा ब्रज स्टार ने अपनी रणनीति बदलते हुए खेल की रफ्तार बढ़ा दी। टीम के खिलाड़ियों ने अद्भुत चपलता दिखाई और मैच का पासा पलटते हुए खिताब जीत लिया।

रोहिताश बने जीत के महानायक मथुरा की इस ऐतिहासिक जीत के सूत्रधार अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी रोहिताश रहे, जिन्होंने मैच में सर्वाधिक 14 गोल दागकर टीम की राह आसान की। उन्हें ‘मोस्ट वैल्यूबल प्लेयर’ चुना गया। टीम के अन्य अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी रवि ने 11 गोल कर उनका बखूबी साथ दिया, जबकि आइकन प्लेयर निहाल ने 8, याहिया ने 6, शिवा ने 3 और सूर्या ने 2 गोल किए। दूसरी ओर, गोरखपुर राउडीज़ की ओर से मोहम्मद शूजा और कृष्ण ने 10-10 गोल किए, लेकिन निर्णायक मौकों पर हुई चूक टीम को भारी पड़ी।
पुरस्कारों की बारिश और मोटरसाइकिल से सम्मान समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद पूर्व मंत्री व पूर्व रणजी क्रिकेटर मोहसिन रजा ने विजेता टीम मथुरा ब्रज स्टार को चमचमाती ट्रॉफी और ₹2 लाख का नकद पुरस्कार प्रदान किया। उपविजेता गोरखपुर राउडीज़ को ₹1 लाख के पुरस्कार से संतोष करना पड़ा। पूरी लीग में शानदार प्रदर्शन करने वाले रोहिताश (कुल 49 गोल) को ‘प्लेयर ऑफ द लीग’ चुना गया और उन्हें TVS एक्सट्रीम 125 मोटरसाइकिल की चाबी सौंपी गई।
समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में राज्यसभा सांसद श्रीमती सीमा द्विवेदी मौजूद रहीं। लीग के सीईओ डॉ. आनन्देश्वर पाण्डेय ने अतिथियों का स्वागत किया और संस्थापक अमित पाण्डेय ने सभी सहयोगियों का आभार जताया। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश हैंडबॉल एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष विनय कुमार सिंह, संयुक्त सचिव डॉ. सुमंत पाण्डेय, लीग चेयरमैन संतोष कुमार पाण्डेय सहित खेल प्रेमी भारी संख्या में मौजूद रहे।




