
लखनऊ। आज पूरे देश में श्रद्धा और उल्लास के साथ श्रीराम नवमी का पर्व मनाया जा रहा है। खासकर भगवान श्रीराम की जन्मभूमि अयोध्या में इस पावन अवसर पर भव्य आयोजन हो रहा है। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं।
मुख्यमंत्री योगी ने सोशल मीडिया मंच X पर पोस्ट करते हुए लिखा,
‘श्रीराम नवमी’ की समस्त रामभक्तों को शुभकामनाएं।
प्रभु श्रीराम भारत के प्राण, मानवता के आदर्श हैं।
भारत की आस्था, मर्यादा और दर्शन में राम हैं।
राम भारत की ‘अनेकता में एकता’ के सूत्र हैं।
श्रीराम नवमी का यह पावन पर्व प्रभु श्रीराम की शिक्षाओं को अपने जीवन में उतारने का अवसर है।
अयोध्या में भव्य आयोजन, रामलला का सूर्य तिलक
अयोध्या में श्रीराम नवमी के उपलक्ष्य में भव्य धार्मिक अनुष्ठान किए गए। ठीक दोपहर 12 बजे — जिस समय भगवान राम का प्राकट्य हुआ था — रघुकुल भूषण राजा रामचंद्र जी के प्रकटोत्सव का आयोजन हुआ।इससे पहले रामलला का पवित्र अभिषेक किया गया। दूध, दही, घी, मधुरस, गंगाजल आदि से भगवान श्रीरामभद्र को स्नान कराया गया। इसके बाद रामलला का दिव्य श्रृंगार किया गया। फिर ठीक दोपहर 12 बजे मंगल आरती के साथ भगवान श्रीराम का सूर्य तिलक किया गया। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, स्वयं भगवान सूर्यदेव ने राजा रामचंद्र जी का तिलक किया।
सकल सौभाग्यप्रद सर्वतोभद्र-निधि, सर्व, सर्वेश, सर्वाभिरामं।
शर्व-हृदि-कंज-मकरंद-मधुकर रुचिर-रूप, भूपालमणि नौमि रामं॥सूर्यकुलभूषण प्रभु श्री रामलला के भव्य भाल पर अंकित यह स्वर्णिम 'सूर्य तिलक' सनातन राष्ट्र के हृदय में आस्था का अमर दीप प्रज्वलित कर रहा है। समूचे भारत को… pic.twitter.com/1gbJLisWxS
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) April 6, 2025
पूरे अयोध्या में आज के दिन भक्ति, श्रद्धा और उत्साह का माहौल है। मंदिरों में रामचरितमानस पाठ, हवन, भजन-कीर्तन तथा विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया है। देशभर से लाखों श्रद्धालु इस शुभ अवसर पर अयोध्या पहुंचे हैं और प्रभु श्रीराम के जन्मोत्सव का साक्षी बनने का सौभाग्य प्राप्त कर रहे हैं।
श्रीराम नवमी का यह पर्व न केवल धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है, बल्कि यह धर्म, मर्यादा, सेवा और कर्तव्य के प्रतीक भगवान श्रीराम के आदर्शों को अपनाने की प्रेरणा भी देता है।





