तृतीय अधीर दुबे टी-20  क्रिकेट : कॅरियर लायंस, तारिक क्लब, क्रिकेट बड्डीज व सीवीसीएल सेमीफाइनल में

लखनऊ, खेल संवादाता ।  मैन ऑफ द मैच राशिद (नाबाद 40 रन, 2 विकेट) के आलराउंड खेल से एसएमआर क्लब ने तृतीय अधीर दुबे स्मारक टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट के अंतिम लीग मैच में केएसीसी को 4 रन से हराया।  इसी के साथ कॅरियर लायंस, तारिक क्रिकेट क्लब, क्रिकेट बड्डीज और सीवीसीएल ने लीग राउंड में क्रमश: पहले से चौथे स्थान पर रहते हुए सेमीफाइनल में स्थान सुरक्षित किया।
पंडित रास बिहारी तिवारी स्टेडियम पर रविवार को खेले गए मैच में एसएमआर क्लब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित ओवर में 6 विकेट पर 168 रन का स्कोर बनाया। सलामी बल्लेबाज डा.हसीब हाशमी (59 रन, 51 गेंद, 7 चौके) के  अर्धशतक के बाद मैन ऑफ द मैच राशिद (40 रन, 19 गेंद, 2 चौके, 4 छक्के) ने नाबाद पारी खेली। केएसीसी से मिर्जा अली सादिक ने 3 विकेट की सफलता पाई।
जवाब में केएसीसी निर्धारित ओवर में 7 विकेट पर 164 रन ही बना सका और जीत से 4 रन दूर रह गया। मध्य क्रम में मिर्जा अली सादिक (50) ने अर्धशतक जड़ा।  फैसल ने 38 व रिजवान अली ने 31 रन जोड़े लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। एसएमआर क्लब से रोहित सिंह, राशिद व मो.जावेद ने 2-2 विकेट की सफलता पाई।
लीग मैचों की समाप्ति के बाद कॅरियर लायंस व तारिक क्लब को 7 मैचों में 6 जीत से 12-12 अंक मिले लेकिन बेहतर रन औसत के चलते कॅरियर लायंस पहले व तारिक क्लब दूसरे स्थान पर रहा। क्रिकेट बड्डीज 7 मैचों में 5 जीत के चलते 10 अंक के साथ तीसरे व सीवीसीएल 7 मैचों में 4 जीत के  चलते 8 अंक के साथ चौथे स्थान पर रहा।

टूर्नामेंट का पहला सेमीफाइनल 8 फरवरी को तारिक क्रिकेट क्लब बनाम सीवीसीएल के मध्य और दूसरा सेमीफाइनल 9 फरवरी को कॅरियर लायंस बनाम क्रिकेट बड्डीज के मध्य खेला जाएगा।

Back to top button