Wednesday, February 11, 2026
More

    आस्ट्रेलिया ने छठी बार महिला टी20 विश्व कप जीता

    केपटाउन।  सलामी बल्लेबाज बेथ मूनी के अर्धशतक के बाद गेंदबाजों के उम्दा प्रदर्शन से आस्ट्रेलिया ने रविवार को यहां आईसीसी महिला टी20 विश्व कप के फाइनल में दक्षिण अफ्रीका को 19 रन से हराकर लगातार तीसरी और कुल छठी बार खिताब जीता।

    आस्ट्रेलिया के अलावा कोई और टीम एक से अधिक बार यह खिताब नहीं जीत पाई है। आस्ट्रेलिया ने इससे पहले 2010, 2012, 2014, 2018 और 2020 में यह खिताब जीता था। आस्ट्रेलिया ने मूनी की 53 गेंद में नौ चौकों और एक छक्के से नाबाद 74 रन की पारी के अलावा उनकी एलिसा हीली (18) के साथ पहले विकेट की 36 और एशलेग गार्डनर (29) के साथ दूसरे विकेट की 46 रन की साझेदारी से छह विकेट पर 156 रन बनाए।

    इसके जवाब में दक्षिण अफ्रीका की टीम सलामी बल्लेबाज लॉरा वोलवार्ट (48 गेंद में 61 रन, पांच चौके, तीन छक्के) के अर्धशतक के बावजूद छह विकेट पर 137 रन ही बना सकी। वोलवार्ट के अलावा दक्षिण अफ्रीका की ओर से क्लो ट्रायोन (25) ही 20 रन के आंकड़े को पार कर पायी । दोनों ने चौथे विकेट के लिए 55 रन भी जोड़े।

    लगातार सातवीं बार फाइनल में खेल रहे आस्ट्रेलिया की ओर से एशलेग (चार ओवर में 20 रन पर एक विकेट), मेगान शुट (चार ओवर में 23 रन पर एक विकेट) और डार्सी ब्राउन (चार ओवर में 25 रन पर एक विकेट) ने किफायती गेंदबाजी करते हुए एक-एक विकेट चटकाया।

    पहली बार टी20 विश्व कप के फाइनल में खेल रही दक्षिण अफ्रीका की टीम ने लक्ष्य का पीछा करते हुए पांचवें ओवर में ही ताजमिन ब्रिट्स का विकेट गंवा दिया जो 17 गेंद में 10 रन बनाने के बाद ब्राउन की गेंद पर ताहलिया मैकग्रा को कैच दे बैठीं।मेजबान टीम पावर प्ले में एक विकेट पर 22 रन ही बना सकी। वोलवार्ट ने इसके बाद मोर्चा संभालते हुए ब्राउन पर चौका और जेस जोनासेन पर छक्का मारा।

    RELATED ARTICLES

    Most Popular