आतंकवादी बताकर अमेरिका ने हूतियों के ठिकानों पर फिर बरसाए बम

अमेरिकी सेना ने शनिवार सुबह यमन में हुती विद्रोहियों के नियंत्रण वाले एक और स्थान पर हमला किया। अमेरिका के दो अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

यमन की राजधानी सना में एसोसिएटेड प्रेस के पत्रकारों ने तेज धमाके की आवाज सुनी। एक अधिकारी ने बताया कि इससे पहले शुक्रवार को अमेरिका और ब्रिटेन ने हुती विद्रोहियों के इस्तेमाल वाले स्थानों को निशाना बनाया था। इनमें 28 स्थानों में 60 ठिकानों पर हमला किया गया।

अमेरिका ने कहा था कि एक रडार स्थल अब भी समुद्री यातायात के लिए खतरा बना हुआ है। अधिकारियों ने नाम न उजागर करने की शर्त पर यह जानकारी दी है।

अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन ने शुक्रवार को चेतावनी दी थी कि हुती विद्रोहियों को और हमलों का सामना करना पड़ सकता है। यह हमला तब किया गया है जब अमेरिका और ब्रिटेन द्वारा हुती विद्रोहियों पर हवाई हमले करने के बाद अमेरिकी नौसेना ने अमेरिका के ध्वज वाले जहाजों को अगले 72 घंटे तक लाल सागर और अदन की खाड़ी में यमन के आसपास के इलाकों से दूर रहने की शुक्रवार को चेतावनी दी।

यह चेतावनी तब दी गयी है जब यमन के हुती विद्रोहियों ने अमेरिका नीत हमलों का बदला लेने का आह्वान किया है जिससे गाजा में इजराइल के युद्ध के अलावा एक और वृहद संघर्ष शुरू होने का खतरा बढ़ गया है।

Leave a Reply

Back to top button