भारतीय महिला टीम को चार विकेट से हराकर इंग्लैंड ने जीती टी20 सीरीज

मुंबई । भारतीय महिला टीम को शनिवार को यहां दूसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में लचर बल्लेबाजी का खामियाजा इंग्लैंड से चार विकेट से हारकर भुगतना पड़ा जिससे मेहमान टीम ने तीन मैचों की श्रृंखला में 2-0 से अजेय बढ़त बना ली। इंग्लैंड ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया और भारत की पूरी टीम को 16.2 ओवर में महज 80 रन पर समेट दिया। इसके बाद उसने 11.2 ओवर में छह विकेट पर 82 रन बनाकर जीत हासिल की।

इंग्लैंड ने पहले टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में भारत को 38 रन से हराया था। भारत के लिए जेमिमा रोड्रिगेस 33 गेंद में 30 रन बनाकर शीर्ष स्कोरर रहीं। उनके अलावा केवल स्मृति मंधाना (10 रन) ही दोहरे अंक तक पहुंच सकीं। इंग्लैंड की गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया और छह गेंदबाजों ने कम से कम एक विकेट तो अपने नाम किया ही। चार्ली डीन, लॉरेन बेल, सोफी एक्लेस्टोन और सारा ग्लेन ने दो दो विकेट झटके जबकि नैट साइवर ब्रंट और फ्रेया केम्प ने एक एक विकेट हासिल किया।

 

Leave a Reply

Back to top button